छिंदवाड़ा जिले के परासिया में 14 बच्चों की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कथित तौर पर एक ही कफ सिरप से हुई इन मौतों को लेकर सोमवार को सियासत गरमा गई है। आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, दोनों ही परासिया पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। दोनों बड़े नेताओं के एक ही दिन के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कांग्रेस के तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सुबह 11 बजे परासिया पहुंचेंगे और शोक संतप्त परिवारों से मिलेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:30 बजे छिंदवाड़ा में कलेक्टर से मुलाकात करेंगे। बाद में वे कांग्रेस द्वारा आयोजित एक अनशन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उनके साथ जिले के सभी कांग्रेस विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। CM मोहन यादव का जबलपुर दौरा निरस्त, दोपहर में पहुंचेंगे परासिया
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपना जबलपुर का कार्यक्रम निरस्त कर दिया है और वे सीधे परासिया आ रहे हैं। शेड्यूल के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर 1:55 बजे परासिया हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां वे दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। उनके साथ सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू और अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहेंगे। 33 दिन में 14 बच्चों की मौत से मचा है हड़कंप
परासिया विधानसभा क्षेत्र में पिछले 33 दिनों में 11 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि पूरे जिले में यह आंकड़ा 14 है। सभी बच्चों की मौत का कारण किडनी फेलियर बताया जा रहा है। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग पहले ही परासिया के डॉ. प्रवीण सोनी और तमिलनाडु की श्रेशन फार्मास्युटिकल कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज करा चुका है। प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एक ही दिन सत्तापक्ष और विपक्ष के शीर्ष नेताओं के दौरे के चलते यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए परासिया और छिंदवाड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट पर है।


