छिंदवाड़ा में रविवार को बजरंग दल द्वारा आयोजित शौर्य संचलन यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से निकली। सनातनी विचारधारा पर विश्वभर में हो रहे कथित प्रहारों के विरोध और हिंदूवादी संगठनों को एकजुट करने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने अनुशासित रूप से भाग लिया। यात्रा की शुरुआत शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने से हुई। इस दौरान बजरंग दल के राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और प्रांत संयोजक विशेष रूप से मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। आयोजन को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा
शौर्य संचलन कलेक्ट्रेट से शुरू होकर जेल तिराहा, बस स्टैंड, बैल बाजार, छोटा तालाब, छोटी बाजार, गोलगंज और फवारा चौक होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह फूल बरसाकर रैली का स्वागत किया गया, जिससे शहर का माहौल भगवामय नजर आया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 9 से अधिक थानों का पुलिस बल और पुलिस लाइन का अतिरिक्त बल तैनात रहा। प्रमुख चौराहों पर पुलिस की मुस्तैदी दिखाई दी, वहीं यातायात को भी नियंत्रित किया गया।


