छिंदवाड़ा जिले में लगातार शिकायतों और स्थानीय लोगों की जागरूकता के बाद आखिरकार नगर निगम का अमला हरकत में आया। बुधवार को वार्ड क्रमांक 15 गांधीगंज स्थित सुलभ वाटिका में किए गए अतिक्रमण के खिलाफ निगम की अतिक्रमण निरोधक टीम मौके पर पहुंची और गुमठियां तोड़कर अतिक्रमण हटाया गया। गांधीगंज क्षेत्र में निगम द्वारा विकसित की गई सुलभ वाटिका में हरे-भरे गुलमोहर, आम और जाम के पेड़ों को काटकर तीन से चार गुमठियां लगा दी थीं। इस मामले को लेकर स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने सीएम हेल्पलाइन में सात बार शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अलावा जिला प्रशासन की जनसुनवाई, नगर निगम, कुंडीपुरा थाना और वन विभाग को भी लिखित शिकायतें दी गई थीं, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी के चलते मामला चर्चा में आया और भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद दबाव बढ़ा। इसके बाद बुधवार को निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने अतिक्रमण कर लगाई गईं गुमठियों को तोड़ते हुए सुलभ वाटिका की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुलभ वाटिका क्षेत्र में पेड़ों की कटाई कर अतिक्रमण किया गया था, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो पेड़ों को बचाया जा सकता था। लोगों ने मांग की है कि पेड़ काटने के जिम्मेदारों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए और वाटिका का दोबारा सौंदर्यीकरण किया जाए। निगम अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी। वहीं, क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा अतिक्रमण हुआ तो वे फिर शिकायत और आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।


