छीपाबड़ौद में व्यापारी की दो दुकानें जेसीबी से ढहाईं:पुलिस लापरवाही पर थानाधिकारी लाइन हाजिर, आरोपी गिरफ्तार

बारां के छीपाबड़ौद में एक व्यापारी की दो दुकानें जेसीबी से ढहाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस की कथित लापरवाही पर थानाधिकारी दिग्विजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस ने जेसीबी जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छीपाबड़ौद निवासी व्यापारी सोम गोयल पुत्र ओमप्रकाश गोयल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति के पास मेन रोड पर स्थित उनकी दो दुकानों को शनिवार रात रामकरण गुर्जर की जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। परिवादी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे, तो नकाबपोश आरोपियों और जेसीबी ड्राइवर ने उन पर पत्थर और अन्य वस्तुओं से हमला किया। गोयल ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले भी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन तब पुलिस ने केवल कार्रवाई का आश्वासन देकर खानापूर्ति की थी। पहली रिपोर्ट के बावजूद, दुकानों को जेसीबी से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया और मलबा भी साफ कर दिया गया। इसके बाद फरियादी ने रविवार को थाने पहुंचकर दूसरी बार रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के तूल पकड़ने और लोगों में आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। बारां के एसपी अभिषेक अंडासु ने बताया कि एक परिवादी की दुकानों को जेसीबी से तोड़ने का मामला सामने आया है। उन्होंने पुष्टि की कि पुलिस ने जेसीबी और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी अंडासु ने यह भी कहा कि परिवादी की शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने और राजकीय कार्य में लापरवाही के चलते छीपाबड़ौद थानाधिकारी को लाइन हाजिर किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *