छुईखदान क्षेत्र में चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया है। विचारपुर और जंगलपुर में हुई इन वारदातों में चोर हेलमेट पहनकर पहुंचे और कुछ ही मिनटों में दुकानों में सेंध लगाकर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। विचारपुर स्थित आरके ट्रेडर्स एवं हार्डवेयर दुकान में देर रात दो अज्ञात चोर स्कूटी से पहुंचे। हेलमेट पहने इन चोरों ने बिना किसी हड़बड़ी के शटर का ताला तोड़ा और दुकान के अंदर घुस गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर दुकान के काउंटर को खंगाल रहे हैं और लगभग 2500 रुपए की चिल्लर राशि लेकर निकल जाते हैं। चोरों ने कृषि केंद्र दुकान में भी की चोरी इसी तरह जंगलपुर के कृषि केंद्र दुकान में भी चोरों ने ताला तोड़कर घुसपैठ की। यहां से चोर काउंटर में रखी नकदी के साथ-साथ कीटनाशक और अन्य कृषि उपयोगी सामान चुरा ले गए। सुबह दुकान खुलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद ग्रामीणों में भारी रोष देखा गया। इन वारदातों के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। उनका कहना है कि चोर अब खुलेआम वारदात कर रहे हैं और रात होते ही गांव में असुरक्षा महसूस होने लगती है। हेलमेट पहनने के कारण चोरों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है, जिससे पुलिस के लिए भी चुनौती बढ़ गई है। सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश जारी छुईखदान थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि विचारपुर की घटना में चोरी का प्रयास हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और चोरों की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फुटेज के आधार पर जांच चल रही है और आरोपी जल्द ही पकड़ में आएंगे। छुईखदान क्षेत्र में एक के बाद एक घटनाओं ने ग्रामीणों को असुरक्षा की स्थिति में ला दिया है। लोग अब रात में गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस निगरानी की मांग कर रहे हैं।


