डीग जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र में छेड़छाड़ के आरोप को लेकर 2 पक्षों के बीच विवाद गहरा गया है। यह मामला पुलिस तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रविवार को अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई हैं। पुलिस ने दोनों प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष की ओर से दर्ज रिपोर्ट में एक महिला ने आरोप लगाया है कि रात के समय वह अपने घर की छत पर काम कर रही थी। इसी दौरान गांव के एक युवक ने उसके साथ जबरन छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर उसका बेटा मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आरोपी युवक छत से कूदकर फरार हो गया। इस दौरान उसका मोबाइल फोन और चप्पल वहीं छूट गए। महिला और बेटे के साथ की मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि अगली सुबह जब इस घटना को लेकर बात की गई, तो आरोपी पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट की। इस मारपीट में बेटे को चोटें आईं। पुलिस द्वारा मौके पर की गई जांच में बेटे के शरीर पर खरोंच और चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रास्ते में पीछा कर की अश्लील हरकतें
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से दर्ज एफआईआर में एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने रास्ते में उसका पीछा किया और अश्लील हरकतें कीं। युवक ने उसका हाथ पकड़कर जबरन खींचने का भी प्रयास किया। महिला के चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग गया। पथराव किया, घर में घुसकर की तोड़फोड़
रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना की शिकायत करने पर आरोपी पक्ष के लोग अगले दिन सुबह लाठी-डंडों और पत्थरों के साथ महिला के घर पहुंचे। उन्होंने पथराव किया, घर में घुसकर तोड़फोड़ की और महिला व उसके बेटे के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान बेटे का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
डीग कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


