हनुमानगढ़ जिले में सोमवार सुबह एक बार फिर घना कोहरा छाया रहा। तड़के से ही कई इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। इससे पहले रविवार को भी दोपहर तक कोहरा छाया रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार, जिले में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। घने कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेषकर राष्ट्रीय और ग्रामीण मार्गों पर चालकों को अपनी गति धीमी करनी पड़ी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कोहरे के कारण ठंड का असर महसूस हो रहा है, लेकिन अब कड़ाके की ठंड नहीं है और दिन के तापमान में वृद्धि हो रही है।
यह कोहरा और ठंड रबी फसलों के लिए अनुकूल मानी जा रही है। किसानों के अनुसार, गेहूं, सरसों और चने की फसलें अच्छी स्थिति में हैं। किसान उम्मीद जता रहे हैं कि यदि फरवरी की शुरुआत में हल्की बारिश या बूंदाबांदी (मावठ) होती है, तो यह फसलों के लिए बेहद फायदेमंद होगा। इससे खेतों में नमी बनी रहेगी और उत्पादन बढ़ने की संभावना है।


