जंडियाला गुरु के वार्ड 2 के पार्षद हरजिंदर सिंह उर्फ बामण की हत्या करने के लिए बाइक सवार हमलावर जंडियाला से ही पीछा कर रहे थे। वह रेकी करते हुए आ रहे थे मगर हरजिंदर रास्ते में कहीं नहीं उतरा और सीधा छेहर्टा साहिब गुरुद्वारा में अपने साले के शगुन समारोह में शामिल हुआ। जब तक हरजिंदर गुरुद्वारा साहिब से बाहर नहीं आया तब तक बाइक सवार हत्या आरोपी घूमते हुए उसका इंतजार करते रहे। जैसे ही हरजिंदर गुरुद्वारा साहिब से बाहर निकला और सामने एक दुकान के पास गया तो बाइक से एक नाकाबपोश शूटर उतरकर पीछे से आया। शूटर ने पास जाकर 4 गोलियां हरजिंदर के सिर में मारी। हरजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और हत्याआरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने करीब 20 किलोमीटर तक हरिजंदर का पीछा किया था।


