भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार की ओर से सरकार-ए-खालसा के महान योद्धा सरदार शाम सिंह अटारीवाला के 180वें शहीदी दिवस को समर्पित 10 फरवरी को नारायणगढ़ (छेहर्टा) और अटारी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कई विधायक और अन्य प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी। डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे नरायणगढ़ (छेहर्टा) स्थित जीटी रोड पर सरदार शाम सिंह अटारीवाला की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे अटारी में स्थित सरदार शाम सिंह अटारीवाला की समाधि पर विशेष धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान ढाडी जत्थे सरदार शाम सिंह अटारीवाला के शौर्य, बलिदान और ऐतिहासिक युद्धों की गाथाएं प्रस्तुत करेंगे। प्रशासन के अनुसार इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को इतिहास और बलिदान की विरासत से जोड़ना है।


