हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड स्थित छोटा डहरभंगा के शिव मंदिर में गुरुवार को पंचदिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में 501 महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने हिस्सा लिया। महायज्ञ की शुरुआत आचार्य धर्मेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में हुई। उनके साथ उपाचार्य विजय शास्त्री, वैदिक संदीप शास्त्री, सत्यानंद शास्त्री और अन्य पंडितों ने पूजा कराई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में जल भरा गया कलश यात्रा महायज्ञ स्थल से शुरू होकर बड़ा डहरभंगा, लाइन होटल चौक और टाटीझरिया गांव से होते हुए होलंग अरघवा नदी तक पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में जल भरा गया। फिर यात्रा वापस महायज्ञ स्थल पर लौटी जहां कलश स्थापना की गई। अंतिम दिन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा महायज्ञ समिति के अध्यक्ष सुखदेव हजाम और सचिव जगदीश यादव ने बताया कि यह महायज्ञ 21 अप्रैल तक चलेगा। अंतिम दिन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। श्रीधाम वृंदावन से अनुराग कृष्ण जी महाराज (पगड़ी वाले बाबा) कथा व्यास के रूप में पधारेंगे। कार्यक्रम में डहरभंगा मुखिया रेखा देवी, मुखिया प्रतिनिधि रवींद्र यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाशपति सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रवि सिंह समेत हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


