छिंदवाड़ा नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने छोटा तालाब क्षेत्र में पवार होटल से लेकर पुलिस लाइन गेट तक सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण हटाए। दोपहर से शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक चलती रही। इस दौरान निगम ने सड़क किनारे से गुमठियां जब्त कर लीं। हालांकि, शहर के सबसे व्यस्त नागपुर रोड पर अब भी अतिक्रमण बरकरार है, जिस पर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की है। नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए पाल, पर्दे, तिरपाल, चबूतरे और गुमठियों को हटाया। हटाई गई गुमठियों को जब्त कर फटका मशीन भेज दिया गया। कार्रवाई के बाद मार्ग पूरी तरह साफ हो गया, जिससे यातायात सुचारु हो सका। टीम ने पुलिस लाइन गेट से फव्वारा चौक तक पहले हटाए गए अतिक्रमण वाले क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया, ताकि दोबारा कब्जे न हों। नागपुर रोड पर हादसों का खतरा, अफसर बेपरवाह दूसरी ओर, शहर का प्रमुख और सबसे व्यस्त नागपुर रोड आज भी अतिक्रमण की चपेट में है। यहां चर्च परिसर के आसपास बड़ी संख्या में अतिक्रमण फैला हुआ है और मुख्य सड़क किनारे अवैध दुकानें चल रही हैं। इससे वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और हादसों का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद नगर निगम का अमला इस ओर बेपरवाह नजर आ रहा है और यहां कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


