छोटीसादड़ी में नेशनल हाईवे 56 पर स्थित गोमाना गांव में कॉलेज की आरक्षित भूमि से गुरुवार को अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासन ने देर शाम तक चली इस कार्रवाई में आधा दर्जन पक्के मकानों को ध्वस्त किया। यह कार्रवाई तहसीलदार राजकुमार सारेल की मौजूदगी में की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। एहतियातन अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद रहीं। प्रशासन ने जेसीबी मशीनों की सहायता से कॉलेज भूमि पर बने अस्थायी और पक्के निर्माणों को हटाया। बताया गया कि इस भूमि पर पहले कॉलेज निर्माण का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में कॉलेज का निर्माण अन्य स्थान पर किया गया। वर्तमान में इसी भूमि पर जिला चिकित्सालय और एडीजे कोर्ट, छोटीसादड़ी के निर्माण की योजना प्रस्तावित है, जिसके लिए ये अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासन ने संबंधित लोगों को पहले ही दो-तीन बार नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए थे। समय पर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण यह सख्त कदम उठाया गया। कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटाए जाने का विरोध करते हुए दावा किया कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके पास बिजली के बिल व अन्य दस्तावेज भी हैं। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ये भूमि सरकारी और कॉलेज के लिए आरक्षित है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान एसडीएम यतींद्र पोरवाल, सीआई प्रवीण टांक, नायब तहसीलदार भागीरथ मीणा, थानाधिकारी मांगीलाल मीणा, एसआई नारायण लाल, एसआई अर्जुन सिंह, भू अभिलेख निरीक्षक कमलेश मेनारिया, धर्मेंद्र जाटव, अंबालाल मेघवाल, पटवारी अंकित मोची, सरिता कुमावत, अक्षिता साहू सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।


