मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40.540 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई छोटी सादड़ी थाना पुलिस टीम द्वारा “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत की गई। घटना 14 जनवरी 2026 की है। थानाधिकारी नारायणलाल उप निरीक्षक अपनी टीम के साथ गोमाना क्षेत्र में स्वरूपगंज की ओर से आने वाली सड़क पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार (रजिस्ट्रेशन नंबर आरजे 27 सीएन 2336) दिखाई दी, जिसमें चालक सहित दो व्यक्ति सवार थे। रुकने का इशारा किया, लेकिन कार लेकर भागे आरोपी पुलिस को कार संदिग्ध लगी और उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से स्वरूपगंज होते हुए चौहानखेड़ा की ओर कार भगा ले गया। पुलिस टीम ने तुरंत संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। सीतामाता वन्यजीव अभ्यारण्य के पास पकड़े गए करीब 2 से 3 किलोमीटर आगे चालक कार को सीतामाता वन्यजीव अभ्यारण्य के वन नाके के गेट तक ले गया, जहां रास्ता पत्थर लगे होने के कारण बंद था। मजबूरी में कार रोकनी पड़ी। कार रुकते ही चालक और उसका साथी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान और डोडाचूरा बरामद पूछताछ में चालक ने अपना नाम कमलेश पिता बगदीराम गुर्जर (35), निवासी किशनकरेरी, थाना डूंगला, जिला चित्तौड़गढ़ बताया। उसके साथी ने अपना नाम सत्यनारायण पिता डालू गुर्जर (22), निवासी नीमगांव, थाना मंगलवाड़, जिला चित्तौड़गढ़ बताया। कार की तलाशी लेने पर दो कट्टों में कुल 40.540 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने स्विफ्ट कार और डोडाचूरा को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच कर रही है।


