भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर के स्कूलों में ‘वीर बाल दिवस’ के उपलक्ष्य में विभिन्न समागम करवाए गए। इस दौरान श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों, बाबा जोरावर सिंह जी एवं बाबा फतेह सिंह जी के अद्वितीय बलिदान और अदम्य साहस को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। इस दौरान अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस (एजीसी) में एक वर्चुअल प्रेजेंटेशन सत्र का आयोजन किया गया। सत्र के दौरान वक्ताओं ने साहिबजादों द्वारा अल्प आयु में प्रदर्शित असाधारण वीरता, अटूट आस्था और नैतिक दृढ़ता पर प्रकाश डाला, जो आज भी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। एजीसी के प्रिंसिपल डॉ. गौरव तेजपाल ने कहा कि कि साहस, आस्था और बलिदान के लिए आयु कोई बाधा नहीं होती। साहिबजादों की शहादत आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।


