हनुमानगढ़ में जंक्शन रोड पर एक बुजुर्ग के साथ लूट की वारदात हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने बुजुर्ग को रोककर उनकी जेब से 25 हजार रुपए और हाथ से सोने की अंगूठी छीन ली। घटना मंगलवार शाम करीब 7.15 बजे की है। बाबूलाल सोनी अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर जंक्शन से दुकान की मरम्मत करवाकर घर लौट रहे थे। उनके पीछे उनका बेटा संदीप कार में आ रहा था। महिंद्रा शोरूम के सामने पीरखाना के पास दो बदमाश बाइक पर आए। उन्होंने बाबूलाल को रोका और उनकी जेब से रुपए निकाल लिए। बदमाशों ने बाबूलाल को धक्का देकर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए। गिरने से बाबूलाल के दाहिने कंधे पर गंभीर चोट आई और कई जगह से हड्डियां टूट गईं। आसपास के दुकानदार मदद के लिए आए। संदीप ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। बाबूलाल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। टाउन पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौका मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। उसके बाद उसने अपने पिता को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। अब उनका वहां इलाज चल रहा है। पुलिस ने मोटर साइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच हैड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार के सुपुर्द की है।


