जगदीश राज श्रीमाली पुनः इंटक प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित:राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस का 24वां महाधिवेशन ब्यावर में संपन्न

ब्यावर में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) का 24वां महाधिवेशन संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में जगदीश राज श्रीमाली को सर्वसम्मति से पुनः प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। यह आयोजन औद्योगिक नगरी ब्यावर के होटल राजमहल में हुआ, जिसमें प्रदेशभर से हजारों इंटक पदाधिकारी और श्रमिक प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगीत से हुई। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और इंटक के संस्थापक स्व. पं. बृजमोहन लाल शर्मा की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर अधिवेशन का विधिवत शुभारंभ किया गया। मंचासीन अतिथियों में झारखंड प्रदेश अध्यक्ष (इंटक) एवं चुनाव प्रभारी राकेश्वर पांडे, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी ब्यावर अध्यक्ष किशोर चौधरी, पूर्व विधायक माणक डाणी, पूर्व विधायक सी.डी. देवल, पूर्व मंत्री सुरेंद्र गोयल, पूर्व विधायक राकेश पारीक, नारायण गुर्जर, भागचंद नरोत्तम जोशी, चंद्रा सियालका, मंजू बलाई और महेंद्र देवड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों का माला-साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इंटक जिलाध्यक्ष बरकत अली कुरैशी, बुद्धाराम गुर्जर, हनुमान जांगिड़, सलीम काठात, भुवनेश शर्मा, रणजीत पंवार, गोविंद मेघवंशी, जब्बार काठात, मजीद काठात और ध्यानू काठात ने भी मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। चुनाव प्रक्रिया के तहत, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने जगदीश राज श्रीमाली का नाम प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से समर्थन मिला, जिसके बाद जगदीश राज श्रीमाली को पुनः प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। अपने संबोधन में चुनाव प्रभारी राकेश्वर पांडे ने श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और संविधान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां श्रमिकों को अस्थायी बना रही हैं और उनके अधिकारों को कमजोर कर रही हैं। पांडे ने ‘हायर-फायर’ की सोच, ठेका प्रथा के विस्तार और यूनियन अधिकारों पर अंकुश को श्रम सुधार नहीं, बल्कि श्रम शोषण बताया। प्रदेश अध्यक्ष घोषित होने के बाद जगदीश राज श्रीमाली ने कहा कि जब तक हर श्रमिक को न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित कार्यस्थल नहीं मिलेगा, इंटक का संघर्ष जारी रहेगा। यह लड़ाई सत्ता के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रमिक-विरोधी कानून वापस नहीं लिए गए, तो गली-गली और कारखाने-कारखाने आंदोलन होगा। दिनेश शर्मा ने कहा कि ब्यावर वह धरती है जहां पं. बृजमोहन लाल शर्मा ने न्यूनतम मजदूरी को कानून बनवाकर श्रमिकों को सम्मान दिलाया। आज उसी विरासत पर हमला हो रहा है। इंटक किसी भी कीमत पर श्रमिक अधिकारों से समझौता नहीं करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी ब्यावर अध्यक्ष किशोर चौधरी ने केंद्र सरकार पर मनरेगा का नाम बदलने को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव श्रमिकों के हितों के साथ खड़ी रही है। कार्यक्रम को पूर्व विधायक सी.डी. देवल, पूर्व मंत्री सुरेंद्र गोयल, पूर्व विधायक माणक डाणी एवं पूर्व विधायक राकेश पारीक ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम की जानकारी राजेंद्र तुनगरिया ने दी। अंत में जिलाध्यक्ष बरकत अली कुरैशी ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *