जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को समाहरणालय भवन स्थित ब्लॉक ए सभागार में बैठक की। रथ मेला के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों और समितियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ मेला के दौरान लगने वाले झूलों में कोई दुर्घटना न घटे इसका विशेष ध्यान रखेंगे। मेला परिसर में सभी दुकानदारों, खाद्य स्टॉल संचालकों और आयोजकों को दोना, पत्तल और अन्य बायोग्रेडेबल सामग्रियों का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है। मेले में सुरक्षा के दृष्टिकोण से पांच मुखी मुहाने पर वाच टावर लगाने व माइक लाइट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। पेयजल की व्यवस्था के लिए डीप बोरिंग करने एवं बिजली/जेनरेटर की व्यवस्था करने के लिए विभागीय पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रथ यात्रा के मार्ग पर मिट्टी/ मोरम या स्टोन डस्ट डालने के लिए कहा गया। मेला परिसर में शौचालय की व्यवस्था को लेकर बायो टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। आसपास मांस, मछली व शराब के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया। प्रशासनिक शिविर एवं मीडिया शिविर बनाने का निर्देश दिया गया। जगन्नाथपुर मंदिर से मौसीबाड़ी तक सुरक्षा बलों की तैनाती एवं स्थानीय थाना प्रभारियों को आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया। विभिन्न समितियों के सदस्यों एवं वॉलंेटियर्स को पहचान पत्र समिति निर्गत करें। मेले के आयोजन के दौरान मेला परिसर के पास भारी वाहनों के आवागमन वर्जित रखने व यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए रूट डायवर्ट रखने का निर्देश दिया गया। चिकित्सा सुविधा के लिए मेला परिसर में एम्बुलेंस उपलब्ध कराने एवं अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश विभागीय पदाधिकारियों को दिया गया। पुलिस कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। मेले के आयोजन के दौरान असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने सहित अन्य विभिन्न विषयों पर भी चर्चा करते हुए संबंधित पदाधिकारी को दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारियों को लेकर बैठक करते उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री।


