जगराओं में डोप टेस्ट रिपोर्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब विधायक और एसएमओ के बीच तनाव में बदल गया है। मामला तब शुरू हुआ जब एक आप नेता अपने एक साथी का डोप टेस्ट करवाने अस्पताल पहुंचा। नेता ने एसएमओ से नेगेटिव रिपोर्ट की मांग की, जिसे एसएमओ ने मना कर दिया। इसके बाद सोमवार रात को एसएमओ का बरनाला ट्रांसफर कर दिया है। इसके बाद एसएमओ हरजीत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस ने न तो नशे के आरोपी पर और न ही आप नेता पर कोई कार्रवाई की। इसके उलट, आप नेता ने सिविल सर्जन के पास एसएमओ के खिलाफ 30 अगस्त को शिकायत दर्ज करा दी। विधायक ने निरीक्षण कर एसएमओ पर लगाए थे आरोप
विवाद तब और बढ़ गया जब विधायक सरबजीत कौर माणूके ने अस्पताल का निरीक्षण कर एसएमओ पर कई आरोप लगाए। एसएमओ ने भी पलटवार करते हुए विधायक के पति पर गलत काम करने का दबाव डालने का आरोप लगाया। अपनी बदली से पहले एसएमओ ने सीएम, विधानसभा स्पीकर और वरिष्ठ अधिकारियों को एक शिकायत भेजी। इसमें उन्होंने विधायक पर धमकी देने का आरोप लगाया और लिखा कि अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदार विधायक सरबजीत कौर माणूके होंगी। इस शिकायत के कुछ घंटों बाद ही सरकार ने एसएमओ का बरनाला ट्रांसफर कर दिया।


