जगराओं में नशे की लत से 3 दोस्त बने लुटेर:पुलिस ने पकड़ा; शराब ठेका कर्मचारी से कैश छीना था, बरनाला के रहने वाले

लुधियाना में नशे की लत ने तीन युवकों को अपराधी बना दिया। बरनाला जिले से आकर लुधियाना में लूटपाट करने वाले तीन दोस्तों को थाना सदर जगराओं पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने हथियार के बल पर शराब के ठेके के एक कर्मचारी से नकदी लूटी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान बरनाला जिले के गांव मुम निवासी सुखजीत सिंह उर्फ निक्का, जफली खान उर्फ जुफली और गोलू के रूप में हुई है। थाना सदर के अधीन चौकी गालिब के एएसआई जगरूप सिंह ने बताया कि पीड़ित साहिल कुमार चौधरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। साहिल गालिब कलां से तलवंडी रोड पर स्थित एक शराब के ठेके पर कार्यरत है। 5200 रुपए की नकदी छीनी पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि 17 दिसंबर को बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास रुके। उनमें से एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दो अन्य उसके पास आए। उन्होंने साहिल को अकेला पाकर हथियार दिखाकर उससे 5200 रुपए की नकदी छीन ली और फरार हो गए। बाइक चालक दूर खड़ा होने के कारण पीड़ित वाहन का नंबर नोट नहीं कर पाया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने पीड़ित को कई फुटेज दिखाईं, जिनमें से उसने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बाइक का पीछा करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। नशे की पूर्ती के लिए की लूटपाट गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए ही लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। उनसे गहन पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि इस दौरान और भी आपराधिक वारदातों का खुलासा हो सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *