जगराओं में एक नाबालिग लड़की के किडनैपिंग का मामला सामने आया है। घटना हलवारा की है। पीड़िता के पिता रमजान खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पिता की शिकायत के अनुसार, उनकी नाबालिग बेटी बाथरूम जाने के बहाने घर से बाहर निकली थी। काफी समय तक वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि एक युवक उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। थाना सुधार के एएसआई कुलवंत सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम लड़की की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है।


