लुधियाना के जगराओं में पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 12 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जगरूप सिंह उर्फ रूपा और गुरपाल सिंह उर्फ विशाल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जगराओं के रहने वाले हैं। बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह के अनुसार, पुलिस टीम कोठे अठ चक्क के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। उनकी बाइक बंद हो जाने के कारण पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के पास से 6-6 ग्राम हेरोइन मिली। खर्चे पूरे करने के लिए नशा तस्करी में शामिल पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राज मिस्त्री के साथ दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। काम न मिलने पर खर्चे पूरे करने के लिए नशा तस्करी में लिप्त हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से लाते थे और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।


