जगराओं में बुजुर्गों और अनपढ़ लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से पैसे उड़ाने वाले शातिर ठगने वाले को पकड़ा है। पुलिस को आरोपी से 17 अलग-अलग बैंकों के 79 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी ने लोगों के एटीएम बदल कर उन के खातों से रुपए निकाले होंगे। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि थाना दाखा की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सुमित कुमार को पकड़ा था। वह लुधियाना के मोहल्ला कोट मंगल सिंह का रहने वाला है। शातिर आरोपी बैंक एटीएम के बाहर खड़ा होकर बुजुर्गों और एटीएम चलाना न जानने वालों को निशाना बनाता था। पासवर्ड देखकर एटीएम कार्ड बदला
पहले आरोपी एटीएम में पैसे निकालने आए लोगों को बड़ी चालाकी के साथ पासवर्ड देखता, फिर उनकी मदद करने के नाम पर बड़ी चतुराई से एटीएम कार्ड बदल देता। इसके बाद तुरंत दूसरे एटीएम पर जाकर उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेता। पीड़ित को तब पता चलता जब बैंक से पैसे निकाले जाने का मैसेज उनके मोबाइल पर आता। पुलिस ने आरोपी से एचडीएफसी बैंक के एटीएम कार्ड 13, पीएनबी के 15, एसबीआई के 13, एक्सिस बैंक के 8, यूको बैंक के 3, आईसीआईसीआई बैंक के 2, बैंक ऑफ बड़ौदा के 3, बैंक ऑफ इंडिया के 4, यूनियन बैंक के 3, आईडीबीआई बैंक के 2, केनरा बैंक के 3, ए.बी. लघु वित्त बैंक के 2, पंजाब ग्रामीण बैंक का 1, जे.एंड.के बैंक के 2, कोऑपरेटिव बैंक का 1, कैपिटल स्मॉल फाइनेंस बैंक का 1, पंजाब एंड सिंध बैंक के 2 और इंडियन बैंक का 1 एटीएम कार्ड बरामद किया है। 10 साल से कर रहा था ठगी- डीएसपी
पुलिस अब आरोपी से गहराई से पूछताछ कर रही है कि उसने कितने लोगों को ठगा और उसके साथ कोई और शामिल था या नहीं। डीएसपी के मुताबिक आरोपी पिछले 10 साल से ठगी का कारोबार कर रहा है। उसके खिलाफ पंजाब के अलग-अलग शहरों में 5 केस दर्ज हैं। पहला केस 2015 में लुधियाना में दर्ज हुआ था। इसके बाद 2022 में फतेहगढ़ साहिब और धूरी में, 2023 में थाना सिटी जगराओं में और 2024 में समराला खन्ना में केस दर्ज हुआ था। यह छठा मामला है। पुलिस आरोपी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। डीएसपी ने कहा कि अगर किसी को एटीएम नहीं चलाना आता। तो वह अपने परिवार के किसी व्यक्ति को साथ लेकर जाए या फिर किसी बैंक कर्मी की मदद ले। किसी भी हालत में व्यक्ति की मदद ना ले। एटीएम के अंदर किसी के सामने पासवर्ड ना लगाए। अगर कोई एटीएम के अंदर आता है तो पैसे निकालने तक उस व्यक्ति को बाहर खड़े होने का कहे। अकेले में पैसे निकाले।


