भास्कर न्यूज | अमृतसर पुलिस और आम जनता के बीच भरोसा मजबूत करने की दिशा में देहाती के एसएसपी सुहेल कासिम ने अनूठी पहल शुरू की है। सुहेल कासिम ने चार्ज संभालने के 20 दिन के बाद ही अपने दफ्तर के बाहर ही रोजाना शिकायत काउंटर लगाकर लोगों की समस्याएं सुननी शुरू कर दी हैं। इस दौरान वह फरियादियों की शिकायतें सीधे सुनते हैं और उनके समाधान के लिए संबंधित थाना एसएचओ को तत्काल निर्देश जारी कर रहे हैं। एसएसपी खुद काउंटर पर खड़े होकर शिकायतें सुन रहे हैं, जबकि इससे पहले अधिकारी अपने दफ्तर के अंदर बैठकर ही सुनवाई करते थे। अब खुले में होने वाली इस जनसुनवाई से दूर-दराज गांवों से आने वाले लोगों को भी अपनी बात रखने का मौका मिल रहा है। गंभीर मामलों में एसएसपी जांच की जिम्मेदारी सीनियर अधिकारियों को भी सौंप रहे हैं और नियमित फॉलोअप भी किया जा रहा है। गौर हो कि यह पहली बार नहीं है जब सुहेल कासिम इस तरह जनता के बीच पहुंचे हों। इससे पहले बटाला में एसएसपी रहते हुए भी वे नियमित रूप से जनसुनवाई करते थे। उस दौरान कई लंबित मामलों का समाधान हुआ था, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में सकारात्मक संदेश गया। एसएसपी सुहेल कासिम ने बताया कि जनता की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। हर फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जा रही है। उन्होंने बताया कि जनता के लिए एसएसपी दफ्तर हमेशा खुला है, किसी को कोई शिकायत हो तो वह आकर उन्हें बता सकते हैं।


