रांची नगर निगम की ओर से बुधवार को लगाए गए जनता दरबार में सहायक प्रशासक निहारिका तिर्की ने लोगों की परेशानियां सुनी। बाकी दिनों की अपेक्षा जनता दरबार में लोग कम पहुंचे, लेकिन जितने लोग पहुंचे, उनकी परेशानियां बड़ी थी। कुछ लोग अतिक्रमण, कूड़ा-नाला और होल्डिंग टैक्स से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। वहीं, कुछ लोग प्रदूषण के कारणों से हो रही समस्या को लेकर पहुंचे थे। मेकी रोड निवासी जय प्रकाश तिवारी ने जनता दरबार में बताया कि नागा बाबा खटाल क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्क की खुदाई से सड़क पर मिट्टी फैल गई है। वहां से गुजरते वाहनों के कारण धूल उड़ती है, जिससे उनकी 100 वर्षीय मां को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने निगम से मांग की कि वहां की सफाई की जाए और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण किया जाए। वहीं, निगम के मृत कर्मियों के आश्रितों ने सातवें वेतनमान की बकाया राशि जल्द देने की मांग की। उन्होंने बताया कि न तो उन्हें पारिवारिक पेंशन मिल रहा है और न ही कोई वित्तीय सहायता। ऐसे में परिवार की स्थिति बेहद खराब हो गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि बकाया राशि पहले रिटायर्ड कर्मियों को दी जा रही है। नगर निगम ने सभी मामलों को संज्ञान में लिया और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


