खेलो इंडिया यूथ गेम्स में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक 3 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। तीसरे दिन झारखंड बालिका गतका टीम ने महाराष्ट्र को 81-43 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। टीम की जेबा नाज, साक्षी श्रीवास्तव और काजल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, बालक गतका वर्ग में तरुण कुमार, वेदांत भारद्वाज और रणवीर ठाकुर की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया। गतका बालिका टीम को रनर अप ट्रॉफी भी प्रदान की गई, जिसे खिलाड़ियों के साथ चीफ डी मिशन तुषार राय ने ग्रहण किया। इधर, भागलपुर में तीरंदाजी प्रतियोगिता में बालक वर्ग में दिव्यांशु ने रजत और बालिका वर्ग में तमन्ना वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। साइक्लिंग में भी नई दिल्ली से अच्छी खबर आई। विकास उरांव ने बालक ट्रैक साइक्लिंग 200 मीटर में रजत और सबीना कुमारी ने बालिका वर्ग में कांस्य पदक जीता। बालिका हॉकी में झारखंड ने महाराष्ट्र को 4-0 से हराया राजगीर में चल रहे महिला हॉकी लीग में झारखंड बालिका हॉकी टीम ने महाराष्ट्र को 4-0 से करारी शिकस्त दी। मैच में स्वीटी डुंगडुंग ने दो, जबकि रीना कुल्लू और सरोज ने एक-एक गोल किए। वहीं बालक हॉकी टीम को हरियाणा के खिलाफ 5-4 से करीबी हार मिली। खेल सचिव मनोज कुमार, सांसद विजय हांसदा, निदेशक संदीप कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई दी।


