भास्कर न्यूज | रामानुजनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल पूरे होने पर भाजपा ने रामानुजनगर में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया। यह कार्यक्रम 9 जून से 21 जून तक चलने वाले संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत हुआ। सभा में क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता और सूरजपुर जनपद अध्यक्ष स्वाति सिंह शामिल हुए। विधायक भूलन सिंह ने कहा कि जनसंघ और भाजपा ने जो संकल्प लिए थे, उन्हें मोदी सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश में एक विधान, एक निशान और एक प्रधान की बात कही थी। उनके बलिदान को याद करते हुए मोदी सरकार ने कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाकर वहां भारतीय संविधान और संस्कृति की स्थापना की। विधायक ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण भी भाजपा का संकल्प था। मोदी सरकार ने कानूनी अड़चनों को दूर कर राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का मार्ग साफ किया। इससे हिंदुओं की आस्था को सम्मान मिला। उन्होंने मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं और 11 साल की उपलब्धियों की जानकारी दी। पूर्व जनपद उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता और जनपद अध्यक्ष स्वाति सिंह ने कहा कि सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना से सरकार ने काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत नींव रखी गई है। इस अवसर पर जनपद सदस्य अनिता सिंह, राम लखन सिंह, बनारसी राजवाड़े, सुमंत साहू, अदल सिंह, बृजाराम साहू, सुरेश मरकाम, सुंदर लाल सिंह, हेमंत यादव, विकास दुबे, रामानंदन सिंह, अनूप दुबे, धिराज प्रजापति, चेतन राजवाड़े, अजय सिंह आदि मौजूद रहे। विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई सभा को वरिष्ठ नेता रामबिलास साहू, शशिनाथ तिवारी और राजलाल राजवाड़े ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित सभी मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंत्री सौभाग्य दुबे ने की। संचालन महामंत्री सुमित साहू ने किया।


