भास्कर न्यूज | कवर्धा आनंदप्रकाश सेवा समिति रायपुर और श्रीश्रीमाल चैरिटेबल ट्रस्ट कवर्धा के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सुदूर वनग्राम बैजलपुर में सेवा कार्य किया गया। इस दौरान 90 स्कूली बच्चों को लंच बॉक्स और 180 बच्चों को पेन वितरित किए गए। वहीं प्राथमिक स्कूल के बच्चों को टॉफियां दी गईं। आनंदप्रकाश सेवा समिति का संचालन रायपुर निवासी सेवानिवृत्त इंजीनियर प्रकाश श्रीश्रीमाल द्वारा किया जा रहा है। जबकि श्रीश्रीमाल चैरिटेबल ट्रस्ट को लायंस क्लब अध्यक्ष प्रेमचंद श्रीश्रीमाल अपने अग्रज प्रकाश श्रीश्रीमाल व पन्नालाल श्रीश्रीमाल के साथ मिलकर संचालित कर रहे हैं। ट्रस्ट द्वारा बैजलपुर स्कूल को गोद लेकर हर शैक्षणिक सत्र में बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. दिलीप तिवारी व डॉ. सोनल वर्मा ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। मुख्य अतिथि लायन प्रेमचंद सहित अतिथियों ने बच्चों के अनुशासन व साफ-सुथरी वेशभूषा की सराहना की। कार्यक्रम में प्रधान अध्यापक जितेंद्र पटेल, रोशन पटेल सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।


