भास्कर न्यूज | दाढ़ी ग्राम पंचायत उमरिया में संचालित सेवा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में धान का समय पर परिवहन नहीं होने से खरीदी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। केंद्र में प्रतिदिन 8 हजार क्विंटल से अधिक धान की आवक हो रही है, लेकिन परिवहन की सुचारु व्यवस्था नहीं होने के कारण धान स्टॉक में रखने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक उमरिया धान खरीदी केंद्र में कुल 32 हजार 543 क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे रखा हुआ है। उठाव के नाम पर अब तक केवल 6 हजार 580 क्विंटल धान का ही परिवहन हो सका है। जबकि समिति के लिए प्रतिदिन 8 हजार क्विंटल धान खरीदी की लिमिट तय की गई है। धान का उठाव नहीं होने से समिति के फड़ में जगह की कमी होने लगी है, जिससे आगामी दिनों में खरीदी पूरी तरह बाधित होने की आशंका जताई जा रही है। प्रभारी समिति प्रबंधक मुकेश चंद्राकर ने बताया कि धान परिवहन को लेकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल कार्यालय को लगातार पत्राचार किया जा रहा है। इसके बावजूद अब तक केवल एक दिन की लिमिट के बराबर धान का ही उठाव हो पाया है। शेष धान मोटा, पतला और सरना वैरायटी के रूप में समिति के फड़ में स्टैक कर रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन धान की अधिक आवक को देखते हुए यदि समय पर परिवहन हो, तो खरीदी कार्य में काफी सहूलियत मिलेगी। सेवा सहकारी समिति उमरिया के अध्यक्ष मोहित साहू ने बताया कि धान परिवहन को लेकर समस्या बनी हुई है। इस विषय में परिवहन विभाग के अधिकारियों से भी लगातार चर्चा की जा रही है, लेकिन दूरस्थ अंचल का केंद्र होने के कारण प्रशासन का अपेक्षित ध्यान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवहन में हो रही देरी के कारण धान खरीदी प्रभावित हो रही है और किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


