कोरबा | पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने रविवार को अपने जन्म दिवस पर वृद्धा आश्रम पहुंचकर कपड़े व फल बांटकर आशीर्वाद लिया। सुबह मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद सुभाष ब्लॉक के मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद कांग्रेसियों के बीच केक काटा। पूर्व मंत्री अग्रवाल के स्वर्ण सिटी निवास पर समारोह में राजनैतिक, सामाजिक, धार्मिक संगठन और व्यापारियों के साथ ही कांग्रेस के पदाधिकारी व सभी वर्ग के लोगों ने भागीदारी निभाई। सुबह से ही बधाई देने लोग पहुंचते रहे। कोरबा क्षेत्र के साथ ही बिलासपुर, पेंड्रा, गौरेला, मरवाही, रामपुर, कटघोरा, पाली तानाखार क्षेत्र से जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया भी समर्थकों के साथ मौजूद रहे। समर्थकों ने शॉल और श्रीफल भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर अग्रवाल ने कहा कि आप सभी का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।


