जन्मदिन मनाने हॉस्टल से घर जा र​हे छात्र की सड़क हादसे में मौत

भास्कर न्यूज | गावां गावां -सतगावां पथ पर सोमवार को को मंझने के पास तेज रफ्तार जेसीबी ने सड़क पार कर रहे छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ढढ़कोल निवासी संतोष यादव के (10) वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। सोनू सतगावां के एक विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था। मंगलवार को उसका जन्मदिन था और वह घर लौट रहा था। मंझने में वाहन से उतरने के बाद जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, तभी तेज गति से आ रही जेसीबी की चपेट में आ गया। हादसे में उसका सिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर जेसीबी को वहीं रोक लिया। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीण व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सूचना पाकर गावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान जेसीबी मालिक से भी ग्रामीणों ने वार्ता की। समाचार िलखे जाने तक शव पड़ा हुआ था। गिरिडीह| बिरनी थाना क्षेत्र के चरगो निवासी 32 वर्षीय दीपक मुंडा सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना जमुआ थाना क्षेत्र के जोरा-सांख मुख्य सड़क पर उस वक्त घटी जब वे बाइक से लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को नाजुक बताया और बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। घायल युवक के परिजन दुर्गा कोड़ा ने बताया कि दीपक सुबह किसी आवश्यक कार्य से जमुआ आए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। टक्कर मारने वाला वाहन कौन था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन घटना के बाद वाहन मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। घायल के परिजन और ग्रामीणों ने वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *