कोडरमा | जिले में जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से जन्म–मृत्यु पंजीकरण जागरूकता वाहन को रवाना किया गया। उपायुक्त ऋतुराज ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। यह जागरूकता वाहन जिले के सभी प्रखंडों एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जाकर जन्म–मृत्यु पंजीकरण से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार–प्रसार करेगा। अभियान के दौरान लोगों को समय पर जन्म एवं मृत्यु का पंजीकरण कराने, प्रमाण पत्र की आवश्यकता तथा इससे मिलने वाले सरकारी लाभों की जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जन्म–मृत्यु का समय पर पंजीकरण प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। इससे सरकारी योजनाओं, पहचान पत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होती है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाकर शत-प्रतिशत जन्म–मृत्यु पंजीकरण का लक्ष्य हासिल किया जाए। भास्कर न्यूज| कोडरमा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की ओर से गांधी उच्च विद्यालय, झुमरी तिलैया तथा राजकीय मध्य विद्यालय सह प्लस टू उच्च विद्यालय, चंदवारा में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी गई। साथ ही क्षय रोग (टीबी) के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में नशामुक्ति का संदेश गूंजता रहा।विद्यालय के शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।


