जबलपुर के अखाड़े में मूर्ति के साथ छेड़छाड़:बजरंग दल ने थाने में की शिकायत; अखाड़े के बाहर लिखा-दूसरे धर्म के लोगों का प्रवेश मना है

जबलपुर के पाटन में बाजार वार्ड स्थित एक अखाड़े में सोमवार तड़के एक नाबालिग लड़के ने डम्बल और अन्य सामान बिखरा दिया। कुछ देर बाद, जब अखाड़े में व्यायाम करने लोग पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सारा सामान बिखरा हुआ है। इस पर उन्होंने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में यह चर्चा शुरू हो गई कि सालों पुराने अखाड़े में रखे सामान के साथ छेड़छाड़ की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी अखाड़े पर पहुंचे। उन्होंने बिखरे सामान को व्यवस्थित किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। अखाड़े के पास दुकान लगाने वालों ने बताया कि, पीछे की तरफ एक विशेष समुदाय के लोग रहते हैं और उसी इलाके में रहने वाले एक नाबालिग लड़के ने यह हरकत की है। ‘विशेष समुदाय का आना मना है’ बजरंग दल के जिला संयोजक राजा ठाकुर ने पाटन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि, आज सुबह कुछ लोगों ने सूचना दी कि एक नाबालिग लड़का अखाड़े के अंदर आया और उसने सारा सामान बिखेर दिया। इसके साथ ही आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि बजरंगबली की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ करते हुए उस लड़के ने मूर्ति को तोड़ा और फिर उसे अखाड़े की जमीन में गाड़ दिया। राजा ठाकुर ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ अखाड़े के बाहर एक सूचना चस्पा कर दी, जिसमें लिखा है- “मुस्लिमों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित है, अंजाम कुछ भी हो सकता है।” घटना को लेकर पाटन थाना प्रभारी नवल आर्या ने बताया कि, जिस लड़के का नाम सामने आ रहा है, वह नाबालिग और मानसिक रूप से विक्षिप्त है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लिखित शिकायत दी है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लड़के ने यह घटना क्यों अंजाम दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *