जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के बाद अब जिला अस्पताल में भी चूहों के आतंक का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजनों ने वार्ड में चूहों की चहल कदमी का वीडियो बनाया है। जिसमें तीन चूहे एक साथ दिखाई दे रहे हैं। वे मरीज के पलंग के पाइप पर आते हैं और फिर खाने के टिफिन तक पहुंच जाते हैं। यह वीडियो समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। मिश्रा ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसी अव्यवस्थाओं के चलते अस्पताल में भर्ती मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। कई बार की गई शिकायतें मरीज के परिजनों का आरोप है कि आईसीयू वार्ड में चूहे खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि बीते कई दिनों से चूहों की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर वीडियो बनाकर सार्वजनिक करना पड़ा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। यदि वायरल वीडियो में सच्चाई पाई जाती है तो मामले की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दो मरीजों के पैर कुतर दिए थे चूहों ने तीन महीने पहले नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में चूहे होने का मामला सामने आया था। अस्पताल के मानसिक रोग विभाग में भर्ती दो मरीजों के पैर चूहों ने कुतर दिए थे। मानसिक रोग विभाग के भवन में रेनोवेशन का कार्य चल रहा है। ऐसे में विभाग का संचालन अस्थि रोग विभाग के भवन से किया जा रहा था। घटना इसी भवन के प्रथम तल में मौजूद वार्ड में घटी थी। जांच में मानसिक रोग विभाग के डॉक्टर और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई थी। इंदौर में हुई थी दो नवजात की मौत इंदौर के सबसे बड़े सरकारी एमवाय अस्पताल के एनआईसीयू में तीन माह पहले दो नवजात की मौत चूहों के काटने से हुई थी। ये नवजात वार्ड में भर्ती थे, तभी चूहों ने उनके हाथ और पैर कुतर दिए थे। इन्फेक्शन के कारण दोनों नवजात की दो दिन में मौत हो गई थी। इस मामले में मानव अधिकार आयोग ने संज्ञान लिया था। आयोग ने अस्पताल अधीक्षक से एक महीने में रिपोर्ट मांगी थी, तो चिकित्सा शिक्षा विभाग ने डीन से स्पष्टीकरण मांगा था। मामले में दो नर्सिंग ऑफिसर को सस्पेंड किया गया था। मामले की जांच के लिए हाईलेवल कमेटी बनाई गई थी। ये खबर भी पढ़िए… 1. अब जबलपुर के अस्पताल में चूहे, दो मरीजों को कुतरा इंदौर के बाद अब जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में 2 मरीजों के पैर कुतरने का मामला सामने आया है। घटना कॉलेज के मानसिक रोग विभाग में हुई है। डीन डॉ. नवनीत सक्सेना का कहना है कि 2 मरीजों के साथ मामूली घटना हुई है। पढ़ें पूरी खबर… 2. इंदौर में अब तक 2बच्चों की मौत…चूहे ने कुतरा था इंदौर के सबसे बड़े सरकारी एमवाय अस्पताल (MYH) के एनआईसीयू (Neonatal Intensive Care Unit) में भर्ती एक और नवजात की बुधवार को मौत हो गई। चूहों ने सोमवार को उसके हाथ-पैर कुतरे थे। इससे पहले मंगलवार को भी एक नवजात बच्ची ने दम तोड़ दिया था। पढ़ें पूरी खबर…


