जबलपुर पुलिस ने एक बदमाश का उस जगह पर जुलूस निकाला, जहां वो रंगदारी करता था। पुलिस ने इलाके में संदेश दिया कि जो भी गुंडागर्दी करेगा, उसका यहीं हाल होगा। रांझी और आसपास के इलाके में अपनी दहशत जमाने के लिए लोगों को डराने और मारपीट करने वाल बदमाश बाबू मराठा उर्फ वैभव को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद कान पकड़कर उसका जुलूस निकाला। बदमाश ने सरकारी सामुदायिक भवन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। दरअसल रांझी नई बस्ती निवासी बाबू मराठा के खिलाफ मारपीट, अवैध वसूली और लूट के कई अपराध दर्ज है। नरसिंहपुर में हुई हत्या का यह मुख्य आरोपी है। दो दिन पहले बदमाश ने एक दुकानदार से चाकू की नोक पर हजारों रूपए की लूट करते हुए दुकान में तोड़फोड़ की थी, जिसका यह आरोपी था। रांझी पुलिस ने शनिवार को इसे गिरफ्तार किया और लूट की रकम बरामद करते हुए, उसे वहीं लेकर गए, जहां पर कि उसने लूट और स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की थी। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी का कहना है कि रांझी पुलिस ने बदमाश मुक्त अभियान चलाया है, जिसके चलते बाबू मराठा को पकड़ा गया है। टीआई का कहना है कि रांझी, बड़ा पत्थर और आसपास के इलाकों में लगातार इसका आंतक बढ़ रहा था। बाबू मराठा के खिलाफ लूट, मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए इसे गिरफ्तार किया है। आरोपी नई बस्ती जहां यह रहता है, वहां स्थित सरकारी सामुदायिक भवन में इसने ताला लगाते हुए शराबखोरी का अड्डा बना रखा था। हालात ऐसे हो गए थे कि अगर किसी को कुछ कार्यक्रम करना होता था, उसकी अनुमति लेना पड़ता था। पुलिस ने बदमाश के घर से चाबी जब्त करते हुए सामुदायिक भवन को खुलवाया और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।


