जबलपुर में नगर निगम द्वारा कचरा पृथक्करण के लिए जारी किए गए निर्देश बेअसर साबित हो रहे हैं। करीब 10 दिन पहले कमिश्नर ने 1 जनवरी से कचरा संग्रहण व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त आदेश दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका पालन नहीं हो रहा है। इन निर्देशों में स्पष्ट किया गया था कि सभी कचरा गाड़ियों में अनिवार्य रूप से पांच अलग-अलग बॉक्स लगाए जाएं। इसका उद्देश्य सूखा, गीला और अन्य प्रकार के कचरे को अलग-अलग डिब्बों में संग्रहित करना था। हालांकि, निर्देश जारी होने के बावजूद शहर के अधिकांश वार्डों में कचरा गाड़ियां अब भी बिना किसी पृथक्करण के सारा कचरा एक ही स्थान पर डालती देखी जा रही हैं। न तो पांच बॉक्स का उपयोग हो रहा है और न ही अलग-अलग डस्टबिनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस संबंध में नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन ने बताया कि कचरा गाड़ी चालकों को लगातार कचरे को अलग-अलग रखने और निगम के आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित कचरा गाड़ी चालकों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहरवासियों का कहना है कि निगम द्वारा कचरा पृथक्करण को लेकर जागरूकता तो फैलाई जा रही है, लेकिन जब कचरा गाड़ियां ही नियमों का पालन नहीं कर रहीं, तो आम नागरिकों की मेहनत भी बेकार हो जाती है।


