जबलपुर में कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर एक वकील के साथ मोबाइल लूट की वारदात सामने आई है। बदमाश वकील का मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें लुटेरे की तस्वीर साफ नजर आ रही है। 51 साल के पीड़ित वकील अमित शर्मा ने अपनी शिकायत में लिखा, 3 फरवरी को करीब डेढ़ बजे कलेक्ट्रेट के गेट नंबर एक के सामने अपने अधिवक्ता मित्र से बातचीत कर रहा था। उसी समय एक मोटरसाइकिल चालक मेरे हाथ से मेरा मोबाइल छीन कर तेजी से घंटाघर की तरफ भागा। एक राहगीर की मोटरसाइकिल से मैने उसका पीछा किया लेकिन वो पकड़ में नहीं आया। मामले की जानकारी मिलते ही ओमती थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। कलेक्ट्रेट बार सचिव ने सुरक्षा पर उठाए सवाल कलेक्ट्रेट बार सचिव, एडवोकेट यशवंत दुबे ने कहा, ये घटना कलेक्ट्रेट गेट नंबर 1 के सामने हुई है। यहां से तहसीलदार, एसडीएम, कलेक्टर सब आते हैं। ऐसी जगह पर अधिवक्ता सुरक्षित नहीं है तो कौन सुरक्षित होगा। अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। पास में ही हाईकोर्ट है। कई बड़े सरकारी दफ्तर हैं। हाई सिक्योरिटी वाला इलाका है। ऐसे में यहां इस तरह की घटना पुलिस प्रशासन की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। कोई यहां अधिवक्ता से बिना डरे मोबाइल छीन सकता है तो कोई अंदर जाकर बम विस्फोट नहीं कर सकता क्या? कल के दिन कलेक्टर के साथ भी लूट हो सकती है। हमारा निवेदन है कि यहां सुरक्षा बढ़ाई जाए।


