जबलपुर में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने एक्टिवा सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रिंकू चौरसिया के रूप में हुई है, जो रांझी गांधी व्यायाम शाला के पास रहते थे। रांझी पुलिस ने शव को रांझी अस्पताल भिजवाया, जहां आज पोस्ट मार्टम होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रिंकू चौरसिया काम से लौट रहे थे और एक्टिवा से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रांझी से गोकलपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आधारताल क्षेत्र में नाकाबंदी की और कुछ ही देर में टैंकर को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। रिंकू की मौत की खबर मिलते ही परिजन और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए थे। नगर निगम के काम पर उठे सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की बड़ी वजह इलाके में नगर निगम द्वारा चल रहा पाइपलाइन बिछाने का काम है। यह काम कई महीनों से चल रहा है, जिसके चलते सड़क पर एक तरफ से ही आवागमन चालू है। इससे न सिर्फ आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।


