सतना में कर अपवंचन के मामले में स्टेट जीएसटी की टीम ने शुक्रवार शाम नागौद कस्बे के थोक किराना व्यापारी विजय कुमार अग्रवाल के प्रतिष्ठान और गोदाम में एक साथ छापामार कार्रवाई की। स्टॉक सत्यापन न होने के कारण प्रतिष्ठान को सीज कर दिया गया है। टीम ने कारोबार से संबंधित दस्तावेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। रात अधिक होने के कारण प्रतिष्ठान को सीज किया गया। जानकारी के मुताबिक, विजय कुमार अग्रवाल की यह फर्म नागौद के बड़े किराना व्यापारियों में गिनी जाती है। इसका कारोबार ग्रामीण क्षेत्रों तक फैला हुआ है और यहीं से थोक में भी किराना की आपूर्ति होती है। यह कार्रवाई स्टेट जीएसटी कमिश्नर के निर्देश पर की गई। इसमें स्टेट जीएसटी सर्किल दो की असिस्टेंट कमिश्नर गरिमा शुक्ला, एसटीओ अजीत सिंह, विनोद प्रताप सिंह, पूनम तिवारी, निरीक्षक रश्मि रेखा, सत्यनारायण सेन सहित करीब 12 सदस्यीय टीम शामिल थी।


