जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के गौर सालीवाड़ा स्थित रिलायबल पेट्रोल पंप पर शनिवार रात सिगरेट पीने से रोकने पर कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। घटना के बाद पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 5 से 6 युवक दो मोटरसाइकिल और एक कार से पेट्रोल पंप पहुंचे थे। पेट्रोल डलवाने के बाद वे पंप परिसर में ही सिगरेट पीने लगे। जब कर्मचारियों ने उन्हें धूम्रपान करने से मना किया, तो युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने पत्थर फेंककर पंप के शीशे तोड़ दिए और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। पंप के कर्मचारियों का आरोप है कि आरोपी युवकों ने पंप के अंदर घुसकर लूटपाट का प्रयास भी किया और कर्मचारियों से पैसे छीनने की कोशिश की, लेकिन वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित कर्मचारियों की शिकायत पर गौर चौकी में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। तस्वीरों में देखें दोनों पक्ष का विवाद


