जबलपुर में गुरुवार की सुबह सड़क पर बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी जैसे ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को लगी, बड़ी संख्या में वे मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। इसी बीच मदन महल और गोरखपुर थाना पुलिस का अमला भी मौके पर पहुंचा। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि महानद्दा के पास से कुछ स्थानीय लोग गुजर रहे थे। जैसे ही उन्होंने सड़क किनारे बछड़े का कटा हुआ सिर देखा, उन्होंने तुरंत हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना दी। सूचना पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विश्व हिंदू परिषद के जिला सहमंत्री विशाल नामदेव ने बताया कि आज भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का दूसरा साल है, शहर का माहौल खराब करने के लिए किसी जिहादी का ये काम है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में अपराध को करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गौ अधिनियम और धार्मिक उन्माद फैलाने की धाराएं उसके ऊपर लगाई जाए। आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो होगा प्रदर्शन विश्व हिंदू परिषद के सदस्य विकास खरे ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो फिर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से भी मांग की है कि इस तरह की घटना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 325 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही बछड़े का जो कटा हुआ सिर मिला है, उसका भी पीएम करवाया जा रहा है।


