जब तक नवयुवक सामने नहीं आएंगे एड्स से उबर पाना मुश्किल : प्राचार्य

भास्कर न्यूज | भखारा छत्तीसगढ़ महतारी कॉलेज भखारा में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड रिबन क्लब, यूथ रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र साहू ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को इस बीमारी से होने वाली हानियों से परिचित कराएं। जब तक युवा सामने नहीं आएंगे, तब तक इससे उबर पाना मुश्किल है। एड्स पीड़ितों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने तथा उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। एड्स पीड़ित व्यक्ति जिन्हें यह रोग हो गया है, उन्हें भी निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना शुरू करें। जीवन आसानी से कट जाएगा। प्राचार्य ने कॉलेज परिवार को एचआईवी एड्स से पीड़ित व्यक्ति को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने और एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता अभियान चलाने शपथ दिलाया। छात्रों ने एचआईवी एड्स से संबंधित जानकारी साझा की। बीएससी तृतीय वर्ष की उमेश्वरी ने एचआईवी एड्स के कारण पर विचार व्यक्त किया। सहायक प्राध्यापक रेणु पटेल ने एड्स को एक लाइलाज बीमारी बताते हुए कहा कि केवल सावधानी बरतकर ही इससे बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अफ्रीका में जानवरों में यह लक्षण पाया गया था, लेकिन अब यह इंसानों में परिलक्षित हो रहा है। एड्स फैलने के कारणों और बचाव के उपाय को बताया। सहायक प्राध्यापक प्रीति साहू ने एड्स पीड़ित रोगी के लक्षणों पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सर्दी खांसी से शुरू होकर मनुष्य के शरीर को कमजोर कर रोग-प्रतिरोधक क्षमता को नष्ट कर देता है। इससे निजात पाने के लिए अभी तक कोई कारगर दवाई नहीं है। यह रोग घुन की तरह मनुष्य को खोखला कर देता है। कामता प्रसाद साहू ने कहा कि आज एचआईवी एड्स का प्रसार तेज गति से हो रहा है, केवल सावधानी व जागरूकता से ही बचा जा सकता है। कार्यक्रम में दिनेश कुमार साहू, संगीता साहू, किरण साहू, इतिबाला सोन, युवराज साहू आदि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *