बाय बाय डिकु, खुश रहना। मैं बहुत परेशान करती हूं ना। अब आप को जो ठीक लगे, वह कर लेना, जब मैं ही नहीं रहूंगी तो… जहर की डिब्बी की फोटो के साथ मिले इस मैसेज के बाद जालोर के युवक सुरेश कुमार(21) ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। प्रारंभिक जांच में कारण सामने नहीं आए तो पुलिस ने मर्ग दर्ज की। लेकिन करीब डेढ़ महीने बाद जब पिता ने अलमारी की सफाई की तो मृतक के परिजनों को सुसाइड नोट मिला, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतक के पिता आज सोमवार को सुसाइड नोट लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे और बेटे की प्रेमिका पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। पिता का कहना है कि दोनों की शादी नहीं हो सकती थी। दोनों को समझाया, लेकिन युवती ने लड़के को मैसेज भेजना जारी रखा। उनके बेटे को ऐसा मैसेज भेजा, जिससे लगे कि लड़की जान दे रही है, इससे आहत होकर उनके बेटे ने अपनी जान दे दी। लड़की ने जहर की डिब्बी का मैसेज भेजा तो युवक ने किया सुसाइड दरअसल, आहोर थाना क्षेत्र के गोदन गांव निवासी सुरेश कुमार पुत्र दूदाराम मेघवाल ने 29 नवंबर को अपने ही घर के एक कमरे में पंखे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। सुरेश कुमार का करीब 8-9 महीने से आहोर की एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच लगातार बातें होती थी। इस दौरान दोनों के माता-पिता को प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली। दोनों आपस में रिश्तेदार थे, इसके कारण परिजनों ने शादी से मना कर दिया। लेकिन लड़की की तरफ से बार- बार मैसेज आने पर लड़के की मां उनके घर पहुंची और लड़की को समझाते हुए बार- बार परेशान करने से मना किया। 29 नवंबर को फिर भेजा मैसेज
पिता दूदाराम मेघवाल के अनुसार- 29 नवंबर को लड़की ने मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था ‘बाय बाय डिकु, खुश रहना। मैं बहुत परेशान करती हूं ना। अब आप को जो ठीक लगे, वह कर लेना, जब मैं ही नहीं रहूंगी तो…’। इस मैसेज को पढ़कर सुरेश भावुक हो गया। पिता का आरोप है कि इस मैसेज के बाद उनके बेटे ने सोचा कि उसकी प्रेमिका जहर खाकर सुसाइड करने जा रही है, जिसके कारण उसने खुद भी फंदे से लटक कर जान दे दी। मरने से पहले बेटे ने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिस पर 29 नवंबर की तारीख लिखी है। उसकी मौत के करीब डेढ़ महीने बाद जब परिजनों ने होश संभाला और बेटे के कमरे में रखी अलमारी की सफाई की। उसमें यह सुसाइड नोट बरामद हुआ। अब पढ़िए 2 पेज का सुसाइड नोट लव यू (युवती का नाम) आज हम तुम्हें हमेशा के लिए अलविदा कर रहे है। तुम मेरी नहीं हो सकती तो मैं भी किसी का नहीं होना चाहता। मैंने तुमसे इतना प्यार किया था, जितना मेरी लाइफ में किसी और से प्यार नहीं किया। मेरी जान, मैंने तुझे कितना समय दिया था। तुम्हें मैं हर पल याद करता रहता था। अब बात भी नहीं होती थी तो रात भर रोता रहता था। मुझे पता चल गया था, तुम मुझसे बात करना कम कर रही थी, तो फिर मैं बहुत दिन-रात भर रोता रहता था। लेकिन मैंने सोचा- क्या पता मेरी जान काम पर जा रही होगी तो समय नहीं मिल पा रहा होगा। लेकिन ऐसा पता नहीं था कि मुझे ये छोड़ देगी। मैंने बहुत दिल से चाहा था मेरी जान। मैंने बहुत सारे सपने देखे थे तुम्हारे लिए। मैंने तुम्हें अपनी पत्नी स्वीकार कर लिया था। अब पता नहीं, मैं किसी और से प्यार नहीं कर पाऊंगा। तू ही मेरा पहला प्यार था और तूने भी मुझे धोखा दे दिया। कोई बात नहीं मेरी जान।
अब मैं अलविदा कह रहा हूं। गुड-बाय माय लव
नाऊ यू भी हैप्पी, आई एम सेयिंग गुडबाय टू यू फोरएवर
थैंक यू माय डियर, फॉर गिव मी। थानाधिकारी बोले- हैंड राइटिंग की जांच कर रहे
आहोर थानाधिकारी करण सिंह ने बताया- मृतक के पिता ने एसपी ऑफिस के साथ साथ हमें भी सुसाइड नोट दिया है। हैंड राइटिंग और युवक के मोबाइल पर आए मैसेज की जांच कर रहे हैं। युवक के सुसाइड मामले में तब मर्ग दर्ज की गई थी, जांच के बाद जो भी निष्कर्ष आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई करेंगे।


