जमशेदपुर के सोनारी में दो नदियों के संगम पर स्थित डोबो पुल अब खूबसूरती के लिए नहीं बल्कि आत्महत्याओं के लिए जाना जाने लगा है। पिछले सात दिनों में चार लोगों ने इस पुल से कूदकर जान देने का प्रयास किया, जिनमें से तीन की मौत हो गई। इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने पुल के दोनों तरफ 6 से 9 फीट तक की जाली लगाने का निर्णय लिया है। साथ ही, अभी 24 घंटे पुल के पास एक पीसीआर वैन तैनात की गई है, जिससे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। 29 जुलाई को नीरज मुखी नामक युवक ने पुल से कूदकर अपनी जान दे दी। इसके दो दिन बाद 31 जुलाई को ऑटो चालक विकास शर्मा ने भी पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली। 2 अगस्त को सुमित्रा प्रमाणिक नामक युवती ने अपने बॉयफ्रेंड से फोन पर हुई लड़ाई के बाद पुल से कूदकर जान दे दी। 5 अगस्त को एक अन्य युवती ने भी पुल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, मछुआरों की मदद से उसे बचा लिया गया। वह अभी अस्पताल में भर्ती है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर, जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि हाल के दिनों में पुल से लगातार लोगों द्वारा आत्महत्या करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे छोटी-छोटी बातों पर अपनी जान न दें। अगर कोई समस्या है तो अपने परिवार के लोगों से बात करें। एसपी ने कहा कि आपकी जिंदगी आपके परिवार के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।


