हजारीबाग में पेड़ से लटकी मिली युवक की लाश:चार दिनों से लापता था युवक, परिजनों ने की थी काफी खोजबीन

हजारीबाग के कटकमसांडी प्रखंड के बाझा पंचायत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्राम बाझा निवासी गुलटन भुइयां (25) पिछले चार दिनों से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार को गांव से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में एक ग्रामीण ने सखुआ पेड़ से लटका शव देखा। नजदीक जाकर देखने पर मृतक की पहचान गुलटन भुइयां के रूप में हुई। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत कटकमसांडी थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवम कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग भेजा गया है। आत्महत्या की आशंका थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *