जमशेदपुर के मानगो गौड़ बस्ती की 25 वर्षीय स्नेहा कुमारी ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भारत का नाम रोशन किया है। 16 से 19 जुलाई तक आयोजित 12वीं विश्व स्ट्रेंथलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्नेहा ने दो स्वर्ण पदक जीते हैं। स्नेहा ने स्ट्रेंथलिफ्टिंग और आइबी (इंक्लाइन बेंचप्रेस) वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने 100 किलोग्राम वजन उठाया। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान, श्रीलंका, नेपाल, रूस और मेजबान थाईलैंड सहित कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नेताजी यूनिवर्सिटी की छात्रा स्नेहा रोज चार घंटे अभ्यास करती हैं। उनके पिता कामेश्वर ठाकुर ने कड़ी मेहनत कर बेटी को इस मुकाम तक पहुंचाया है। पिछले साल आर्थिक तंगी के कारण वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाई थीं। स्नेहा ने राज्य सरकार से मदद की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जो खर्च हुआ, वह राज्य सरकार लौटा दे। जीत के बाद जिला प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा। स्नेहा इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं।


