जमशेदपुर के कोवली थाना क्षेत्र स्थित लव कुश आवासीय विद्यालय में शनिवार से हो रही लगातार बारिश की वजह से पानी भर गया। जिससे स्कूल कैंपस में ही हॉस्टल में रहने वाले 162 बच्चे पानी में फंस गए। जैसे ही प्रशासन को मामले की सूचना मिली, तुरंत हरकत में आते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। स्थानीय पुलिस ने बच्चों को निकाला कोवली थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। नाव और रस्सियों की मदद से बच्चों तक पहुंच बनाई। इसके बाद सभी बच्चों को बाहर निकाला गया। जलभराव और लगातार बारिश के बावजूद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने हालात पर तेजी से काबू पाया। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए टीम ने बेहद सतर्कता के साथ उन्हें बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बच्चों को हिम्मत दी गई और लगातार उनसे संवाद बनाए रखा गया ताकि वे घबराएं नहीं। सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी बच्चों की जांच की और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। सभी 162 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उनकी हालत ठीक है। वहीं पुलिस ने बताया कि बच्चे जिस थाना क्षेत्र के हैं, उस थाने को उन्हें सौंपा जाएगा। इसके बाद सभी को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


