जमशेदपुर में ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रंग ले लिया। गोलमुरी थाना क्षेत्र के टीनप्लेट चौक के पास देर रात करीब 1 बजे कार सवार युवकों ने स्कूटी सवार दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक कार में किसी फेयरवेल पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात स्कूटी पर सवार दो युवकों से हुई। ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जो धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि कार सवार युवकों ने स्कूटी सवारों पर चाकू से हमला कर दिया। एक की हुई मौत, दूसरा हुआ घायल इस हमले में मनदीप सिंह नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक रॉकी को गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनके स्कूटी सवार युवकों से संबंधों की जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से छानबीन कर रही है।


