जमशेदपुर के सीताराम डेरा थाना क्षेत्र में स्थित ह्यूमन पाइप निर्माण नगर में शनिवार सुबह एक कच्चे मकान की छत गिर गई। इस हादसे में 82 वर्षीय रेणुका दास और उनके दो बेटे घायल हो गए। घायलों में रेणुका दास के अलावा उनके बड़े बेटे विनोद दास (47) और छोटे बेटे प्रवीण दास (40) शामिल हैं। हादसे के समय तीनों घर में सो रहे थे। छत गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मलबे को हटाकर तीनों को बाहर निकाला और तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। रेणुका दास की हालत गंभीर है। उनके हाथ और पैर टूट गए हैं। रेणुका के पति का पहले ही निधन हो चुका है। दोनों बेटे मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार को वृद्धा पेंशन का लाभ भी नहीं मिल रहा है। वे लंबे समय से मिट्टी और खपरैल के बने इस कच्चे मकान में रह रहे थे। लगातार बारिश के कारण दीवारें कमजोर हो गई थीं और बांस-बल्लियां सड़ जाने से यह हादसा हुआ।


