जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालुबासा इंद्रानगर बस्ती के एक घर में बीती रात आग लग गई। आग और धुएं की वजह से 85 साल की शोभा मुखर्जी की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक आग रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच लगी। तब सभी घरवाले सो रहे थे। परिजनों के अनुसार, रोज की तरह रात का भोजन करने के बाद शोभा मुखर्जी अपने कमरे में सोने चली गई थीं। परिवार वाले दूसरे लोग भी अलग कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में सो रही वृद्धा को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। जब तक आसपास के लोगों को आग की जानकारी मिली, तब तक पूरा कमरा आग की चपेट में आ चुका था। मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने बुझाई आग आग लगते ही इंद्रानगर बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग शोर सुनकर घरों से बाहर निकले और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि शोभा मुखर्जी को बचाया नहीं जा सका। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पानी के अन्य साधनों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक घर का एक बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि देर रात बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। सीतारामडेरा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


