दमोह के तहसील ग्राउंड में चल रहे बुंदेली दमोह महोत्सव के 13वें दिन बुधवार रात राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। बुंदेली गौरव न्यास की ओर से संचालित इस महोत्सव में देश के प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेला परिसर सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेल गतिविधियों से गुलजार रहा, जहां प्रतिदिन हजारों लोग अपने परिवार सहित घूमने आ रहे हैं। सुबह खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं और शाम को मंचीय कार्यक्रम होता है। कड़ाके की ठंड में बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे बुधवार रात आयोजित कवि सम्मेलन में बुद्धि प्रकाश दधीच, अमन अक्षर, मुन्ना बैटरी और शशि श्रेया जैसे कवियों ने हास्य, वीर रस और समसामयिक विषयों पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। देश के चर्चित कवि सुमित ओरछा ने कवि सम्मेलन का प्रभावशाली संचालन किया, जिसकी श्रोताओं ने सराहना की। ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे। महोत्सव के दौरान दोपहर में सांप-सीढ़ी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें लगभग 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेला समिति की ओर से सम्मानित किया गया। पिछले 12 वर्षों से बुंदेली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा इसी क्रम में स्वाति गौर के निर्देशन में ‘स्वर श्री प्रतियोगिता’ का भी आयोजन हुआ। इसमें चयनित प्रतिभागियों ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। उल्लेखनीय है कि बुंदेली गौरव न्यास पिछले 12 वर्षों से इस बुंदेली महोत्सव का आयोजन कर रहा है। यह महोत्सव 1 फरवरी को समाप्त हो जाएगा।


